12 अपराधों का हिस्ट्रीशीटर अब सलाखों के पीछे: गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपा फिर रहा था, पुलिस ने दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिम जिला पुलिस के एएटीएस दस्ते की पीओ सेल ने मुस्तैदी दिखाते हुए लूट के एक मामले में फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान कुलदीप कुमार (27), निवासी पप्पू कॉलोनी, नांगलोई के रूप में हुई है। आरोपी मोती नगर थाने में दर्ज लूट के प्रयास और धमकी देने के एक गंभीर मामले में वांछित था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था।

वेस्ट जिला डीसीपी दरडे शरद भास्कर ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए एएटीएस की एक विशेष टीम गठित की गई थी। 13 फरवरी को हेड कांस्टेबल प्रदीप, राम निवास और राज कुमार को मोती नगर थाने के साल 2024 के एक लूट मामले में फरार अपराधी को ट्रैक करने का जिम्मा सौंपा गया था। आरोपी कुलदीप को हाल ही में 28 जनवरी 2026 को तिस हजारी कोर्ट द्वारा घोषित अपराधी करार दिया गया था।

इंस्पेक्टर मुकेश मीणा के नेतृत्व में टीम ने स्थानीय खुफिया जानकारी और तकनीकी सुरागों पर काम किया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नांगलोई इलाके में देखा गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंचल पार्क स्थित पप्पू कॉलोनी में जाल बिछाया और मुखबिर की सटीक निशानदेही पर आरोपी को धर दबोचा।

पूछताछ और रिकॉर्ड की जांच में सामने आया है कि 27 वर्षीय कुलदीप कुमार एक पेशेवर अपराधी है और उस पर लूट व अन्य अपराधों के कुल 12 आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं। पुलिस उसे गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान उसने और किन वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More