ठंड के मौसम में कंबलों पर हाथ साफ करने वाला चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे: लोहे की रॉड और चोरी का माल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिला अंतर्गत थाना विजय विहार की पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सेंधमारी के एक मामले को महज 72 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इलाके के एक घोषित हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान छोटू उर्फ कालू (28) के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 08 कंबल और वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड बरामद की गई है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने चोरी और सेंधमारी के चार अन्य मामलों को भी सुलझाने का दावा किया है।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (रोहिणी जिला) राजीव रंजन के अनुसार, 9 फरवरी को रोहिणी सेक्टर-4 में दिनदहाड़े हुई सेंधमारी के संबंध में मामला दर्ज किया गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी अतुल सूद के मार्गदर्शन और एसएचओ मनोहर लाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। 12 फरवरी को पुलिस टीम ने पुख्ता जानकारी के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी छोटू उर्फ कालू को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने सेक्टर-4 में हुई चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए आठ कंबल बरामद किए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी विजय विहार थाने का घोषित अपराधी है और पहले भी चोरी व अन्य अपराधों के साथ मामलों में शामिल रहा है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि उसके अन्य नेटवर्क और हाल के दिनों में हुई अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More