एपस्टीन फाइल्स को लेकर युवा कांग्रेस का हल्ला बोल, केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के इस्तीफे की मांग

नई दिल्ली: कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी फाइलों में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम आने के दावे के बाद राजधानी में सियासी पारा चढ़ गया है। शुक्रवार को भारतीय युवा कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। रायसीना रोड पर हुए इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग की और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस को भारी बैरिकेडिंग करनी पड़ी, जिससे इलाके में घंटों अफरा-तफरी का माहौल रहा।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि एक केंद्रीय मंत्री का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर के अपराधी से जुड़ना बेहद गंभीर और शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब स्वयं मंत्री ने मुलाकात की बात स्वीकार की है, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस संवेदनशील विषय पर चुप्पी क्यों साधे हुए हैं। चिब ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह मामला सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख दांव पर लगी है। उन्होंने मांग की कि हरदीप पुरी को पद से हटाया जाए और प्रधानमंत्री को इस नैतिक चूक के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने कार्यालय से रायसीना रोड होते हुए आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शन में मुख्य रूप से राष्ट्रीय सचिव हरि कृष्णा, सत्यवान गहलोत, दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष शानू खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया चेयरमैन वरुण पांडेय ने कहा कि जब तक इस्तीफा नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More