आदर्श नगर में राहगीर से मोबाइल छीनने वाला पकड़ा गया, छीना गया फोन बरामद, साथी की तलाश जारी

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस के थाना आदर्श नगर की टीम ने मोबाइल स्नैचिंग की एक वारदात को सुलझाते हुए एक बाल अपचारी को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने उसके कब्जे से शिकायतकर्ता का छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने आसान पैसे कमाने के लालच में इस अपराध को अंजाम दिया था।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह के अनुसार, 9 फरवरी को लाल बाग निवासी अजय ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता उस दिन शाम करीब 7:30 बजे अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। जब वह लाल बाग स्थित झंडा चौक के पास एक संकरी गली में पहुँचा, तभी पीछे से आए दो लड़कों ने उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। इस संबंध में थाना आदर्श नगर में बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ लव अत्रेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। एसीपी जहांगीर पुरी योगेंद्र खोखर के मार्गदर्शन में टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान की और जाल बिछाकर उसे पकड़ लिया। जांच के बाद वह नाबालिग पाया गया।

पूछताछ के दौरान बाल अपचारी ने स्वीकार किया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर इस स्नैचिंग को अंजाम दिया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह गलत संगत और जल्द पैसे कमाने की चाहत में अपराध की राह पर चल पड़ा। फिलहाल पुलिस इस वारदात में शामिल उसके दूसरे साथी की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More