आधी रात को घर में घुसकर साफ किया था हाथ, 22 वारदातों में शामिल शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी किए गए आभूषण बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस के थाना शालीमार बाग की टीम ने मकान चोरी की एक बड़ी वारदात को सुलझाते हुए एक शातिर और सक्रिय अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान राकेश (23) निवासी शालीमार बाग के रूप में हुई है। आरोपी के पास से पुलिस ने चोरी किए गए 500 ग्राम चांदी और 10 ग्राम सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले से ही चोरी और सेंधमारी के 22 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि 2 फरवरी की सुबह शालीमार बाग निवासी अंकित सक्सेना के घर में चोरी की घटना हुई थी। किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर का मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर रखे कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया था। इस संबंध में थाना शालीमार बाग में बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी राजबीर लांबा और एसएचओ रामपाल के नेतृत्व में एसआई जोगेंद्र की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सुरागों की मदद ली। लगातार प्रयासों के बाद टीम ने संदिग्ध आरोपी राकेश को चिन्हित कर उसे धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी राकेश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह स्मैक के नशे का आदी है और उसे जुए की भी बुरी लत है। अपनी इन जरूरतों को पूरा करने के लिए वह मकानों को निशाना बनाता था। आरोपी इतना शातिर है कि कम उम्र में ही वह चोरी के 22 मामलों में शामिल हो चुका है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More