न्यू उस्मानपुर में दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी के पांच दुपहिया वाहन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के पांच दुपहिया वाहन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ब्रह्मपुरी निवासी विवेक गुप्ता (32) और लखन देवल (31) के रूप में हुई है। यह सफलता एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर योगेश वशिष्ठ के नेतृत्व वाली टीम को चेकिंग के दौरान मिली।

पुलिस के अनुसार, 11 फरवरी को एएटीएस की टीम न्यू उस्मानपुर स्थित डीडीए फ्लैट्स के पास संदिग्धों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया गया। जब उनसे मोटरसाइकिल के कागजात मांगे गए, तो वे टालमटोल करने लगे। कड़ाई से पूछताछ करने पर पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल गांधी नगर थाने से चोरी की गई थी, जिसके संबंध में ई-एफआईआर दर्ज थी।

पुलिस की सघन पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चार अन्य वाहन (दो मोटरसाइकिल और दो स्कूटी) बरामद किए हैं। ये वाहन भजनपुरा, न्यू उस्मानपुर और वेलकम थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे। पुलिस ने दोनों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(1) के तहत गिरफ्तार किया है।

पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पकड़े गए आरोपी चोरी के इन वाहनों को किसे बेचते थे और क्या इनके गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने एएटीएस टीम की इस सफलता पर उनकी सराहना की है। मामले की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More