फर्श बाजार के होटल की चौथी मंजिल से कूदी युवती, प्रेमी से झगड़े के बाद उठाया खौफनाक कदम

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले के फर्श बाजार थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब 60 फीट रोड स्थित एक होटल की चौथी मंजिल से युवती ने छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। प्राथमिक जांच में मामला आपसी विवाद के बाद आवेश में आकर उठाए गए आत्मघाती कदम का लग रहा है।

पुलिस के मुताबिक, सुंदर नगरी की रहने वाली 20 वर्षीय युवती दोपहर में बुलंदशहर निवासी अपने 22 वर्षीय मित्र के साथ होटल ‘संतोष रेजिडेंसी’ में पहुंची थी। दोनों ने होटल में बाकायदा चेक-इन किया था। बताया जा रहा है कि कमरे में रुकने के कुछ ही देर बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवती ने आपा खो दिया और कमरे की खिड़की से सीधे नीचे छलांग लगा दी। होटल स्टाफ ने जब युवती को नीचे गिरते देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची फर्श बाजार थाना पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की असल वजह क्या थी और क्या युवती को ऐसा कदम उठाने के लिए उकसाया गया था। पुलिस ने होटल के उस कमरे को भी सील कर दिया है, जहां दोनों रुके थे। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके। फिलहाल, युवती के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More