एनआई एक्ट के मामले में 4 साल से फरार चल रहा भगोड़ा गिरफ्तार

नई दिल्ली: द्वारका जिला पुलिस की ‘जेल-बेल और प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर सेल’ ने अदालती कार्यवाही से बच रहे अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने एनआई एक्ट के मामले में साल 2022 से फरार चल रहे एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान विक्रम रघुवंशी (39), निवासी जैन पार्क, उत्तम नगर के रूप में हुई है।

द्वारका डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि घोषित अपराधियों और सक्रिय बदमाशों की धरपकड़ के लिए एसीपी ऑपरेशंस रविंदर अहलावत के पर्यवेक्षण और इंस्पेक्टर हरीश कुमार के नेतृत्व में एक समर्पित टीम गठित की गई थी। टीम में एसआई बलजीत, हेड कांस्टेबल कुलवंत और प्रदीप शामिल थे। यह टीम लगातार तकनीकी और जमीनी स्तर पर जानकारी जुटा रही थी।

9 फरवरी को जब पुलिस टीम बिंदापुर इलाके में मौजूद थी, तब हेड कांस्टेबल कुलवंत सिंह को गुप्त सूचना मिली कि द्वारका कोर्ट से भगोड़ा घोषित विक्रम रघुवंशी उत्तम नगर के जैन कॉलोनी इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रणनीतिक घेराबंदी की और घेराव कर आरोपी को धर दबोचा।

जांच में सामने आया है कि आरोपी विक्रम रघुवंशी के खिलाफ द्वारका कोर्ट में एनआई एक्ट की धारा 138 के तहत मामला लंबित था। लगातार पेशी से अनुपस्थित रहने के कारण 28 अक्टूबर 2022 को विद्वान न्यायाधीश दिव्या अरोड़ा की अदालत ने उसे उद्घोषित अपराधी करार दिया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का इससे पहले कोई अन्य आपराधिक रिकॉर्ड नहीं पाया गया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित अदालत के समक्ष पेश कर दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More