उत्तम नगर के शातिर बदमाश को बिंदापुर थाना पुलिस ने पकड़ा, इटली मेड पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस के थाना बिंदापुर की ‘क्रैक टीम’ ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से इटली निर्मित एक अत्याधुनिक विदेशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मनोज उर्फ राहुल (32), निवासी विश्वास पार्क, उत्तम नगर के रूप में हुई है।

द्वारका डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि इलाके में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और अवैध हथियारों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बिंदापुर थाना पुलिस को अलर्ट पर रखा गया था। इसी क्रम में एसीपी डाबरी राजकुमार के पर्यवेक्षण और एसएचओ बिंदापुर नरेश सांगवान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में एएसआई अरविंद, हेड कांस्टेबल नीरज और कांस्टेबल राजेश व संदीप को शामिल किया गया था।

पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में एक सक्रिय अपराधी अवैध हथियार के साथ घूम रहा है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही टीम ने रणनीतिक घेराबंदी की और आरोपी मनोज उर्फ राहुल को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से इटली की बनी पिस्टल और कारतूस बरामद हुआ।

पूछताछ में सामने आया है कि 32 वर्षीय मनोज नशे का आदी है और वह पहले भी दो आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी के पास यह विदेशी हथियार कहां से आया और वह इसे किससे खरीदकर लाया था। पुलिस को अंदेशा है कि इस गिरफ्तारी से इलाके में होने वाली किसी बड़ी वारदात को समय रहते टाल दिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More