11 साल पुराने लूट के मामले में फरार घोषित अपराधी गिरफ्तार, रोहिणी कोर्ट ने किया था भगोड़ा घोषित

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिम जिला पुलिस के एएटीएस दस्ते की पीओ सेल ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अजय शर्मा (32), निवासी जहांगीरपुरी के रूप में हुई है। आरोपी साल 2014 में जहांगीरपुरी थाने में दर्ज लूट के एक मामले में मुख्य रूप से शामिल था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।

वेस्ट जिला डीसीपी दरडे शरद भास्कर ने बताया कि पुलिस मुख्याल के निर्देशानुसार फरार अपराधियों और भगोड़ों की धरपकड़ के लिए एएटीएस/वेस्ट की एक समर्पित टीम गठित की गई थी। 12 फरवरी को हेड कांस्टेबल प्रदीप और राम निवास को जहांगीरपुरी थाने के लूट के पुराने मामले में वांछित अपराधी को ट्रैक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। आरोपी अजय शर्मा को रोहिणी कोर्ट द्वारा 18 अक्टूबर 2025 को घोषित अपराधी करार दिया गया था।

टीम ने तकनीकी सर्विलांस और जमीनी खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया। गुप्त सूचना मिली कि आरोपी भलस्वा डेयरी इलाके में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर मुकेश मीणा के नेतृत्व में टीम ने भलस्वा डेयरी की गुरु नानक देव कॉलोनी, गली नंबर 2 में जाल बिछाया और मुखबिर की निशानदेही पर आरोपी को धर दबोचा।

पुलिस जांच में सामने आया है कि अजय शर्मा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह लूट व अन्य संबंधित अपराधों के कम से कम 04 मामलों में संलिप्त रहा है। 2014 के बाद से वह अदालती कार्यवाही से बच रहा था। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और संबंधित कानूनी औपचारिकताओं के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान उसने और किन वारदातों को अंजाम दिया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More