तड़ीपार के बावजूद दिल्ली में घूम रहा शातिर अपराधी गिरफ्तार, तीन चोरी के मोबाइल और चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस के थाना किशनगढ़ की टीम ने इलाके में अवैध हथियारों और स्ट्रीट क्राइम पर लगाम कसते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसे दिल्ली से तड़ीपार घोषित किया गया था। पकड़े गए आरोपी की पहचान राजू (25) निवासी मोती लाल नेहरू कैंप के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू और तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी राजू पर पहले से ही चोरी और आर्म्स एक्ट के 9 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

साउथ-वेस्ट जिला डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि किशनगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अजय कुमार यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी, जो इलाके में सक्रिय बदमाशों की धरपकड़ के लिए गश्त पर थी। 10 फरवरी को कांस्टेबल हरीश और कांस्टेबल सचिन जब मुनिरका गांव के पहाड़ी वाला पार्क के पास पेट्रोलिंग कर रहे थे, तभी उन्होंने एक संदिग्ध युवक को देखा। पुलिस टीम को देख आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध चाकू और मोबाइल बरामद हुए।

पुलिस रिकॉर्ड की जांच करने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी राजू को एडिशनल डीसीपी के आदेश पर 6 नवंबर 2025 को 02 साल की अवधि के लिए दिल्ली से जिला बदर किया गया था। इसके बावजूद वह दिल्ली की सीमा में रहकर नियम तोड़ रहा था और वारदातों को अंजाम दे रहा था। इस मामले में पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करने के साथ-साथ दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 53/116 के तहत कलंदरा भी तैयार किया है।

पुलिस पूछताछ में पता चला है कि बरामद मोबाइल फोन हजरत निजामुद्दीन, किशनगढ़ और महरौली थाना इलाकों से चोरी किए गए थे। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और किशनगढ़ थाना पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More