लाजपत नगर में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के रैकेट का भंडाफोड़: दो मैनेजर गिरफ्तार, 9 महिलाएं रेस्क्यू

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने अनैतिक तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लाजपत नगर-1 इलाके में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे एक बड़े देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी में दो स्पा सेंटरों के मैनेजरों को गिरफ्तार किया है और वहां से 9 महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।

डीसीपी साउथ-ईस्ट हेमंत तिवारी ने बताया कि ‘मिशन मुक्ति फाउंडेशन’ के निदेशक वीरेंद्र कुमार सिंह से गुप्त सूचना मिली थी कि लाजपत नगर-1 स्थित परिसर संख्या A-117 में ‘वेगास स्पा’ (ग्राउंड फ्लोर) और ‘वेदिका वेलनेस स्पा’ (प्रथम तल) की आड़ में देह व्यापार की गतिविधियां चलाई जा रही हैं। सूचना के सत्यापन के बाद एसआई रवि बेनीवाल और एसआई विनय सिवास के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और 12 फरवरी की शाम को शाम करीब 7:20 बजे दोनों मंजिलों पर एक साथ छापेमारी की गई।

ग्राउंड फ्लोर पर स्थित ‘वेगास स्पा’ की तलाशी के दौरान पुलिस को 5 महिलाएं और मैनेजर अर्निश डी. सेनापति उर्फ राहुल मिला। रिसेप्शन काउंटर की दराज से पुलिस ने 18 अनप्रयुक्त कंडोम बरामद किए, जो वहां चल रही अवैध गतिविधियों का पुख्ता सबूत थे। वहीं, प्रथम तल पर स्थित ‘वेदिका वेलनेस स्पा’ में पुलिस को 4 महिलाएं और मैनेजर विपिन वशिष्ठ उर्फ रवि मिले। पूछताछ और मौके के हालात से साफ हो गया कि ‘वेलनेस सेवा’ महज एक दिखावा थी।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार दोनों मैनेजरों ने स्वीकार किया कि वे ग्राहकों से मोटी रकम वसूलते थे और अपना कमीशन काटकर बाकी पैसे महिलाओं में बांट देते थे। वे ग्राहकों को लुभाने के लिए भ्रामक विज्ञापन और गुप्त नेटवर्क का सहारा लेते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत थाना लाजपत नगर में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब इस रैकेट के असली मालिकों और अन्य कड़ियों की तलाश में जुटी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More