30 लाख की चरस के साथ नेपाली तस्कर गिरफ्तार, दिल्ली-एनसीआर में होनी थी सप्लाई

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग सप्लाई चेन का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक नेपाली तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग ₹30 लाख कीमत की 1.755 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली चरस बरामद की है। यह चरस दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न इलाकों में सप्लाई की जानी थी।

डीसीपी साउथ-ईस्ट हेमंत तिवारी ने बताया कि 11 फरवरी को गुप्त सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर एएनएस प्रभारी विष्णु दत्त तिवारी की टीम ने अमर कॉलोनी इलाके में गुरु निहाल सिंह मार्ग स्थित मेट्रो पिलर संख्या-42 के पास जाल बिछाया। टीम ने वहां एक संदिग्ध युवक को रोका, जिसकी पहचान नेपाल निवासी मन बहादुर (25) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके नीले रंग के बैकपैक से 1.296 किलोग्राम चरस बरामद हुई। इस बरामदगी के बाद थाना अमर कॉलोनी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने उसके गुरुग्राम स्थित किराए के कमरे पर भी छापेमारी की, जहां से 459 ग्राम चरस और बरामद हुई। इस प्रकार पुलिस ने कुल 1.755 किलोग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया है। आरोपी मन बहादुर ने कबूल किया कि वह नेपाल से चरस लाकर दिल्ली-एनसीआर के संभावित ग्राहकों और छोटे तस्करों को सप्लाई करता था।

जांच में सामने आया है कि आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, लेकिन वह एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। पुलिस अब इस ड्रग नेटवर्क के मुख्य स्रोत और दिल्ली में सक्रिय उसके अन्य सहयोगियों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि नशे के इस काले कारोबार की पूरी कड़ी को उजागर किया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More