दिल्ली में लूट और सेंधमारी करने वाले दो कुख्यात भगोड़े गिरफ्तार, स्पेशल स्टाफ ने सुपौल से दबोचे

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने लूट, डकैती और सेंधमारी जैसे गंभीर मामलों में फरार चल रहे दो वांछित उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदर किशोर (25) और रोहित (29) के रूप में हुई है। चंदर किशोर जहां बिहार के सुपौल से दबोचा गया है, वहीं रोहित को रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया। ये दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे थे।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (नॉर्थ-वेस्ट) भीष्म सिंह ने बताया कि आरोपी चंदर किशोर मौर्या एन्क्लेव और के.एन. कट्जू मार्ग के कई गंभीर मामलों में वांछित था। साल 2020 में उसने मधुबन चौक के पास एक कार सवार से सोने की अंगूठी लूटी थी और उसी साल मदर डेयरी से कैश लेकर लौट रहे एक कर्मचारी के पेट में चाकू मारकर ₹35,000 की लूट की थी। गिरफ्तारी के बाद जमानत पर बाहर आकर चंदर फरार हो गया था, जिसे पुलिस की एक विशेष टीम ने बिहार के सुपौल जिले में दबिश देकर पकड़ा।

वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने रिठाला निवासी रोहित को गिरफ्तार किया। रोहित पर के.एन. कट्जू मार्ग थाना इलाके में दिन-दहाड़े सेंधमारी करने का आरोप है और वह अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किया गया था। जांच में सामने आया कि रोहित के खिलाफ चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के 15 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।

निरीक्षक सोमवीर सिंह के नेतृत्व में गठित स्पेशल स्टाफ टीम ने तकनीकी निगरानी और मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए इन आरोपियों का सुराग लगाया। एसीपी ऑपरेशंस रणजीत ढाका के मार्गदर्शन में टीम ने लगभग एक महीने तक इन अपराधियों का पीछा किया। पुलिस का कहना है कि इन गिरफ्तारियों से इलाके में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क पर करारी चोट लगी है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और पुरानी वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More