पुरानी रंजिश में खूनी खेल: बवाना में किशोर पर ताबड़तोड़ वार कर ली जान, नाबालिगों समेत सात आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी-उत्तरी जिले के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने बवाना इलाके में हुई एक 17 वर्षीय किशोर की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को चंद घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन बालिग और चार किशोरों सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए चार घातक चाकू भी बरामद कर लिए गए हैं।

डीसीपी आउटर नॉर्थ हरेश्वर स्वामी ने बताया कि 11 फरवरी की रात करीब 09:36 बजे सूचना मिली कि बवाना की जेजे कॉलोनी स्थित झंडा चौक के पास एक किशोर को चाकू मार दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फिर अस्पताल का रुख किया, जहां डॉक्टरों ने 17 वर्षीय मृतक ‘एफ’ को “ब्रॉट डेड” घोषित कर दिया। मृतक के शरीर और छाती पर चाकू के कई गहरे और जानलेवा घाव पाए गए।

शिकायतकर्ता सलीम के बयान के आधार पर पता चला कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने रात करीब 8:30 बजे मृतक को घेर लिया था। आरोपियों ने पहले मारपीट की और फिर सालेह, साहिल, फहद और सादिक जैसे आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जॉइंट सीपी विजय सिंह और डीसीपी हरेश्वर स्वामी के नेतृत्व में इंस्पेक्टर मनोज कुमार और एसीपी राकेश कुमार की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय मुखबिरों की मदद से छापेमारी की और वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर सात आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए बालिग आरोपियों की पहचान सालेह (21), साहिल (20) और फहद उर्फ मोनू (18) के रूप में हुई है, जबकि चार अन्य आरोपी नाबालिग हैं। इनमें से एक नाबालिग आरोपी पहले भी हत्या के प्रयास के मामले में शामिल रहा है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा थी, क्योंकि दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते थे। पुलिस अब मोहम्मद फारुख नामक व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है, जिस पर इस पूरी हत्या की साजिश रचने और उकसाने का आरोप है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनए की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More