गाजीपुर में 213 ग्राम स्मैक और 103 ग्राम अफीम जब्त, बिहार और यूपी के दो तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गाजीपुर थाना इलाके से दो शातिर ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 213 ग्राम स्मैक (हेरोइन) और 103 ग्राम अफीम बरामद की है। यह कार्रवाई दिल्ली-एनसीआर में नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रिहान (26), निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश और ऐवादु रहमान (29), निवासी मधुबनी, बिहार के रूप में हुई है।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ईस्ट जिला) अभिषेक धनिया ने बताया कि 10 फरवरी को इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ की टीम गाजीपुर इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम ने बैग ले जा रहे दो संदिग्ध युवकों को देखा। पुलिस ने जब उन्हें रोककर बैग की तलाशी ली, तो उसमें से भारी मात्रा में स्मैक और अफीम बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत दोनों को हिरासत में ले लिया और गाजीपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी रिहान ने खुलासा किया कि वह उत्तर प्रदेश के बरेली और रामपुर स्थित अपने साथियों से नशीले पदार्थ मंगवाता था। वहीं, सह-आरोपी ऐवादु रहमान नशे की खेप को दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाने और वितरण में उसकी मदद करता था। ये तस्कर गिरफ्तारी से बचने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाते थे। पुलिस को चकमा देने के लिए ये दोनों आरोपी दिल्ली में रेहड़ी-पटरी वाले बनकर रहते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। वे बैग में छिपाकर नशा लाते थे और स्थानीय स्तर पर छोटी-छोटी मात्रा में इसकी सप्लाई करते थे।

पुलिस अब इस नेटवर्क के ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज’ की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यूपी के बरेली और रामपुर में मुख्य सप्लायर कौन हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More