गाजियाबाद से दिल्ली आ रहे परिवार के साथ एनएच-9 पर हुआ अकस्मात, दो की मौत, तीन की हालत गंभीर

नई दिल्ली: दिल्ली के गाजीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-9 पर गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। एमसीडी टोल के पास गाजियाबाद की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार किया सेल्टोस कार अनियंत्रित होकर एक कंटेनर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखचे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब 06:43 बजे की है। विनोद नगर डिपो के ठीक सामने टोल बूथ के पास यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही थाना गाजीपुर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां का नजारा बेहद खौफनाक था। एक महिला का शव सड़क पर पड़ा था, जबकि दूसरी महिला कार की अगली सीट और डैशबोर्ड के बीच बुरी तरह फंसी हुई थी। काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका।

मृतकों की पहचान दीपांजलि (38) और नीलम गर्ग (55) के रूप में हुई है। कार चला रहे दीपांशु गर्ग और उनके दो बच्चे विवान (5 साल) व वाशु (3 साल) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को पटपड़गंज स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद जिले की क्राइम टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। शुरुआती जांच में हादसा तेज रफ्तार या ड्राइवर को झपकी आने के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More