डिलीवरी बॉय की नौकरी के लिए चुराता था दोपहिया वाहन, पुलिस ने पकड़ा ऑटो-लिफ्टर, बाइक और स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आदित्य कुमार (30) निवासी श्याम एन्क्लेव, नजफगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया वह हैरान करने वाला है; आरोपी ऐप-बेस्ड डिलीवरी और ट्रांसपोर्ट प्लेटफार्मों पर नौकरी पाने के लिए वाहन चोरी करता था ताकि वह बिना निवेश किए पैसे कमा सके।

द्वारका डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि एएटीएस के इंचार्ज इंस्पेक्टर मनीष यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम लगातार सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी सर्विलांस के जरिए सक्रिय अपराधियों पर नजर रख रही थी। 9 फरवरी को हेड कांस्टेबल मनीष कुमार को गुप्त सूचना मिली कि आदित्य नाम का एक व्यक्ति छावला इलाके में चोरी की मोटरसाइकिल के साथ घूम रहा है और उसे ठिकाने लगाने की फिराक में है।

सूचना मिलते ही एएटीएस की टीम ने हस्तसाल गांव, उत्तम नगर के पास रणनीतिक जाल बिछाया और घेराबंदी कर आदित्य को दबोच लिया। जांच के दौरान उसके पास मौजूद मोटरसाइकिल चोरी की पाई गई, जो थाना छावला इलाके से उड़ाई गई थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बिंदापुर इलाके से चोरी हुई एक स्कूटी भी बरामद कर ली है। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने छावला और बिंदापुर थानों में दर्ज वाहन चोरी के दो मामलों को सुलझा लिया है।

डीसीपी द्वारका ने बताया कि आरोपी आदित्य ने खुलासा किया कि उसे डिलीवरी बॉय की नौकरी करने के लिए वाहन की जरूरत थी, लेकिन खरीदने के बजाय उसने चोरी का रास्ता चुना। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक और कितने वाहनों पर हाथ साफ किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More