‘विक्की टक्कर गैंग’ का सक्रिय सदस्य और भगोड़ा अपराधी सुमित काली गिरफ्तार, दर्जनों मामलों में था शामिल

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अदालती कार्यवाही से बच रहे और घोषित अपराधी सुमित शर्मा उर्फ काली (26) को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी सुमित काली डबरी इलाके का रहने वाला है और उस पर आर्म्स एक्ट, सेंधमारी और चोरी के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वह गिरफ्तारी और सजा से बचने के लिए बेंगलुरु में छिपकर रह रहा था और हाल ही में किसी वारदात की साजिश रचने दिल्ली आया था।

द्वारका डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि स्पेशल स्टाफ के प्रभारी इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम को सूचना मिली कि डबरी थाने के चोरी के एक मामले में द्वारका कोर्ट द्वारा भगोड़ा घोषित सुमित काली सागरपुर और डबरी इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डबरी के छठ पूजा पार्क के आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया और घर-घर जाकर तस्दीक की। काफी मशक्कत के बाद टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को धर दबोचा।

पूछताछ में आरोपी सुमित काली ने खुलासे किए कि जेल में रहने के दौरान वह कुख्यात ‘विक्की टक्कर गैंग’ के सदस्यों के संपर्क में आया और उनके लिए काम करने लगा। गैंग के सदस्य ही उसे हथियार मुहैया कराते थे। पुलिस के मुताबिक, सुमित पहले भी दो बार अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार हो चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने अपना पता बदल लिया था और बेंगलुरु में रह रहा था ताकि पुलिस और कोर्ट की कार्यवाही से बच सके।

डीसीपी द्वारका ने बताया कि सुमित शर्मा उर्फ काली विक्की टक्कर गैंग का सक्रिय सदस्य है। वह जानबूझकर कोर्ट के ट्रायल से फरार चल रहा था, जिसके चलते उसे 8 फरवरी को ही अदालत ने घोषित अपराधी करार दिया था। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More