भागने की कोशिश कर रहा था 30 मुकदमों का आरोपी, पीछा कर चाकू के साथ किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के वेस्ट जिला अंतर्गत हरि नगर थाना पुलिस और पुलिस चौकी हरि नगर की टीम ने एक बेहद शातिर और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी सनी उर्फ रायपा (28) तिलक नगर के चौखंडी इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की एक स्कूटी और एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट और चोरी के तीन बड़े मामलों को सुलझाने में सफलता प्राप्त की है।

डीसीपी वेस्ट दरडे शरद भास्कर ने बताया कि इलाके में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए हरि नगर चौकी प्रभारी एसआई अनूप राणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। 10 फरवरी की रात करीब 9:00 बजे, जब पुलिस टीम टंकी वाला पार्क के पास गश्त कर रही थी, तभी उन्होंने स्वर्ग आश्रम रोड के पास एक संदिग्ध युवक को बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी को धक्का मारकर दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल की ओर ले जाते देखा। पुलिस टीम ने संदेह होने पर उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी स्कूटी छोड़कर भागने लगा। पुलिस कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब 10-15 कदम पीछा कर उसे धर दबोचा।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। जब स्कूटी के इंजन और चेसिस नंबर की जांच ‘जिपनेट’ पर की गई, तो स्कूटी का असली नंबर पता चला और यह अगस्त 2025 में थाना डबरी इलाके से चोरी हुई थी।

पुलिस रिकॉर्ड की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी सनी उर्फ रायपा कोई मामूली अपराधी नहीं है, बल्कि वह चोरी, सेंधमारी और संबंधित अपराधों के 30 से अधिक मामलों में शामिल रहा है। वह दिल्ली के विभिन्न थानों में वांछित रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More