होटल में फ्री रूम न मिलने पर तुर्कमेनिस्तान के युवक ने की जान देने की कोशिश, अस्पताल में कराया भर्ती

नई दिल्ली: दिल्ली के मध्य जिला अंतर्गत पहाड़गंज इलाके में एक विदेशी नागरिक द्वारा नशे की हालत में खुदकुशी की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तुर्कमेनिस्तान निवासी जेहुन (29) नामक युवक ने व्हाइट ग्लो होटल के बाहर अपने ही गले पर चाकू से वार कर खुद को जान से मारने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद बीट स्टाफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को काबू में किया और तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।

सेंट्रल जिला डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि जेहुन पूर्व में 20 जनवरी से 10 फरवरी तक इसी होटल में ठहरा था। 11 फरवरी को वह दोबारा होटल पहुंचा, लेकिन इस बार वह नशे की हालत में था और उसकी मानसिक स्थिति अस्थिर लग रही थी। आरोपी ने होटल स्टाफ से मुफ्त में कमरा देने की मांग की और कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं। जब स्टाफ ने कमरा उपलब्ध न होने की बात कहकर मना कर दिया, तो जेहुन उग्र हो गया और उसने अपने पास मौजूद चाकू से खुद का गला रेत लिया।

घटना के दौरान काफी खून बह जाने के कारण युवक की हालत गंभीर हो गई थी। होटल मैनेजमेंट की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचे स्थानीय पुलिस कर्मियों ने उसे और चोट पहुंचाने से रोका और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने मेडिकल जांच के बाद पुष्टि की है कि युवक घटना के वक्त अत्यधिक नशे में था।

सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से कर्ज या पैसों के विवाद को लेकर जो आरोप लगाए जा रहे थे, पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद उन्हें पूरी तरह निराधार और आधारहीन बताया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बीट स्टाफ की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More