महिला से मोबाइल छीनकर भाग रहे स्नैचर को लोगों की मदद से दबोचा, लूटा गया फोन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस के थाना कालिंदी कुंज की टीम ने बहादुरी और मुस्तैदी का परिचय देते हुए एक शातिर स्नैचर को वारदात के कुछ ही मिनटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान यश भड़ाना (24) निवासी सरिता विहार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शिकायतकर्ता महिला का छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी सरिता विहार थाने में दर्ज सेंधमारी के एक मामले में शामिल रह चुका है।

डीसीपी साउथ-ईस्ट हेमंत तिवारी ने बताया कि 11 फरवरी की दोपहर करीब 01:30 बजे कालिंदी कुंज थाने को मोबाइल छीनने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग बीट स्टाफ मदनपुर खादर की खादर पुलिया के पास पहुंचा। पीड़िता छाया कनौजिया ने बताया कि जब वह सड़क पार कर रही थीं, तभी आरोपी यश भड़ाना ने पीछे से आकर झपट्टा मारा और उनका फोन छीनकर भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी का पीछा किया और उसे बबलू डेयरी के पास दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी यश भड़ाना ने खुलासा किया कि वह बेरोजगार है और आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। उसने जल्दी और बिना मेहनत के पैसा कमाने के लिए स्नैचिंग का रास्ता चुना। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अक्सर अकेले चलने वाले पैदल यात्रियों, खासतौर पर महिलाओं को अपना सॉफ्ट टारगेट बनाता था और भागने के लिए भीड़भाड़ वाले रास्तों का चुनाव करता था।

पुलिस के रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी यश भड़ाना के खिलाफ 2022 में थाना सरिता विहार में चोरी और सेंधमारी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की नई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसके अन्य संभावित आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More