दोस्त से ली स्कूटी और निकल पड़े झपटमारी करने: शराब के शौकीनों को भारी पड़ी लूट, पहुंचे जेल

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस के बिंदापुर थाने की ‘क्रैक टीम’ ने झपटमारी की एक अनोखी वारदात को सुलझाते हुए दो सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ऑनलाइन ट्रांसफर के बहाने एक कार सवार से कैश मांगा और जैसे ही उसने पैसे निकाले, वे उसे झपटकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई ₹3,000 की नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई पीले रंग की स्कूटी बरामद कर ली है।

द्वारका जिला के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि 4 फरवरी की शाम उत्तम नगर निवासी सादाब हुसैन ने बिंदापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित अपनी कार में बैठा था, तभी पीले रंग की स्कूटी पर दो युवक आए। उन्होंने सादाब से कहा कि उनके पास नकद पैसे नहीं हैं और वे उसे ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कर देंगे, बदले में वह उन्हें कैश दे दे। जैसे ही सादाब ने पैसे गिनने के लिए जेब से निकाले, आरोपियों ने हाथ से कैश झपटा और रफूचक्कर हो गए।

एसीपी (डाबरी) राजकुमार और एसएचओ नरेश सांगवान के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक पीले रंग की स्कूटी दिखाई दी, जिसकी अगली नंबर प्लेट गायब थी। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए अन्य कैमरों की फुटेज देखी, जहाँ पिछली नंबर प्लेट से स्कूटी का रजिस्ट्रेशन नंबर मिल गया। तकनीकी जांच और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपियों अभिषेक अटवाल (34) और रोहित पांडे (28) को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी रोहित पांडे ने खुलासा किया कि उसने अपने एक दोस्त से अस्पताल जाने के बहाने स्कूटी उधार ली थी। इसके बाद वह अपने दोस्त अभिषेक से मिला और दोनों ने शराब पार्टी करने की योजना बनाई। पैसे न होने के कारण उन्होंने राहगीरों को निशाना बनाने की साजिश रची और सादाब को अपना शिकार बनाया। आरोपी अभिषेक पहले भी चोरी के एक मामले में शामिल रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन दोनों ने इलाके में और भी लोगों को इसी तरह झांसा देकर ठगा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More