नंबर प्लेट पर कीचड़ लगाकर वारदात को देता था अंजाम, गाजियाबाद से दबोचा गया झपटमार

नई दिल्ली: दिल्ली उत्तरी जिले की मौरिस नगर थाना पुलिस ने मोबाइल झपटमारी के मामले में एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से झपटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पकड़े गए आरोपी की पहचान नौशाद (19) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गाजियाबाद के लोनी का रहने वाला है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने मौरिस नगर इलाके में दर्ज झपटमारी के दो मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि 28 जनवरी को मौरिस नगर थाने में झपटमारी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। कमला नगर में किराए पर रहने वाली एक छात्रा ने बताया कि शाम करीब 5 बजे जब वह बंगला रोड गोल चक्कर के पास पैदल जा रही थी, तभी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सवार दो लड़कों ने उसका ‘वन प्लस’ मोबाइल फोन झपटा और फरार हो गए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।

एसएचओ देवेंद्र सिंह और एसीपी विकास मीणा के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मोटरसाइकिल की अगली नंबर प्लेट पर कुछ अधूरे अंक नजर आए। पुलिस ने इन अंकों का मिलान ट्रैफिक मुख्यालय और परिवहन विभाग के रिकॉर्ड से किया। मोटरसाइकिल के रंग और बनावट के आधार पर पुलिस गाजियाबाद के लोनी स्थित एक घर में पहुंची। वहाँ पता चला कि मोटरसाइकिल मालिक के पड़ोसी नौशाद ने कुछ काम का बहाना बनाकर बाइक मांगकर ली थी।

पुलिस ने जाल बिछाकर 7 फरवरी की रात भजनपुरा इलाके से आरोपी नौशाद को धर दबोचा। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर नॉर्थ कैंपस इलाके में झपटमारी करता था। आरोपी बेहद शातिर था; वह बाइक की पिछली नंबर प्लेट पर कीचड़ लगा देता था ताकि कोई नंबर नोट न कर सके। उसने कबूल किया कि उसने बंगला रोड के अलावा इलाके में एक और झपटमारी की थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बाइक की डिग्गी में छिपाया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, नौशाद स्कूल ड्रॉपआउट है और ड्रग्स का आदी है। नशे की जरूरतों को पूरा करने और आसान कमाई के चक्कर में उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा। वह झपटे गए फोन को राहगीरों को सस्ते दामों पर बेचने की फिराक में था। फिलहाल पुलिस उसके फरार नाबालिग साथी की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More