मेट्रो के चौथे और पांचवें चरण को मंजूरी: 89 किमी लंबी मजेंटा लाइन बनेगी नेटवर्क का सबसे बड़ा कॉरिडोर, दिल्ली के कोने-कोने तक पहुंच होगी आसान

नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के नेटवर्क में मजेंटा लाइन (लाइन-8) आने वाले समय में सबसे महत्वपूर्ण और सबसे लंबा कॉरिडोर बनने जा रही है। हाल ही में स्वीकृत फेज-V (A) के तहत रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ (वाया सेंट्रल विस्टा) तक के विस्तार के बाद अब फेज-IV के इंद्रप्रस्थ-इंद्रलोक कॉरिडोर को भी मजेंटा लाइन के विस्तार के रूप में लागू किया जाएगा। इस विस्तार के साथ ही मजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 89 किलोमीटर हो जाएगी, जो इसे दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का सबसे लंबा कॉरिडोर बना देगी।

डीएमआरसी के प्रवक्ता अनुज दयाल ने बताया कि पूरी तरह चालू होने के बाद यह कॉरिडोर बॉटनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक संचालित होगा। खास बात यह है कि यह पूरा कॉरिडोर पूरी तरह से ‘ड्राइवरलेस’ (चालक रहित) तकनीक पर आधारित होगा। इस रूट पर कुल 65 स्टेशन होंगे, जिनमें से 40 स्टेशन जमीन के नीचे यानी भूमिगत होंगे।

विस्तार के बाद मजेंटा लाइन पर कुल 21 इंटरचेंज स्टेशन होंगे। वर्तमान में इस लाइन पर कालकाजी मंदिर, बॉटनिकल गार्डन, जनकपुरी पश्चिम और हौज खास जैसे चार इंटरचेंज स्टेशन सक्रिय हैं। फेज-IV और फेज-V (A) के तहत इसमें 17 नए इंटरचेंज स्टेशन जुड़ेंगे। इनमें सेंट्रल सचिवालय, आजादपुर, नई दिल्ली और इंद्रलोक को ‘ट्रिपल इंटरचेंज’ स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा, जहाँ से यात्री तीन अलग-अलग लाइनों के लिए मेट्रो बदल सकेंगे। इससे न केवल यात्रा का समय बचेगा, बल्कि मुख्य कॉरिडोर पर भीड़ का दबाव भी कम होगा।

मजेंटा लाइन अपनी इंजीनियरिंग उत्कृष्टता के लिए भी जानी जाएगी। इसी कॉरिडोर पर हैदरपुर बादली मोड़ स्टेशन स्थित है, जो मेट्रो नेटवर्क का सबसे ऊँचा एलिवेटेड स्टेशन है (जमीन से करीब 28.36 मीटर ऊँचा)। वहीं, इसी लाइन का हौज खास स्टेशन दिल्ली मेट्रो का सबसे गहरा भूमिगत स्टेशन है, जो जमीन से लगभग 29 मीटर नीचे बना है। मजेंटा लाइन का यह विस्तार न केवल दिल्ली बल्कि पूरे एनसीआर के यात्रियों के लिए क्रॉस-सिटी कनेक्टिविटी को एक नए स्तर पर ले जाएगा। इससे यात्री बिना किसी बाधा के शहर के एक छोर से दूसरे छोर तक तेजी से पहुंच सकेंगे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More