मोबाइल झपटकर भाग रहे तीन बदमाश गिरफ्तार, भारत नगर पुलिस ने बरामद किया फोन

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले की भारत नगर थाना पुलिस ने झपटमारी की एक वारदात को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी वजीरपुर की जेजे कॉलोनी के रहने वाले हैं और इनमें से दो पुराने अपराधी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से शिकायतकर्ता का झपटा गया ओप्पो मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने ऐशो-आराम और आसानी से पैसा कमाने के लिए अपराध की दुनिया में कदम रखा था।

उत्तर-पश्चिम जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि घटना 7 फरवरी को वजीरपुर जेजे कॉलोनी निवासी परवेश कुमार, जो पेशे से दर्जी हैं और शास्त्री नगर में काम करते हैं, देर शाम अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में जब वे मोबाइल पर अपनी पत्नी से बात कर रहे थे, तभी पीछे से आए तीन अज्ञात युवकों ने उनके हाथ से मोबाइल झपटा और रफूचक्कर हो गए। पीड़ित की शिकायत पर भारत नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी आकाश रावत के पर्यवेक्षण और एसएचओ राम किशोर के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम में एसआई गवर्नर सिंह, रवि राठी, मुख्य आरक्षी कपिल और आरक्षी विकास शामिल थे। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया। तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों सक्षम (25), साहिल कुमार (25) और सलमान (23) को धर दबोचा।

जांच में सामने आया कि आरोपी साहिल और सलमान आदतन अपराधी हैं। साहिल पहले झपटमारी और चोरी के मामलों में शामिल रहा है, जबकि सलमान पर लूट का मुकदमा दर्ज है। तीसरा आरोपी सक्षम पहली बार पुलिस के हत्थे चढ़ा है। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सुनसान रास्तों पर पैदल चलने वाले उन लोगों को निशाना बनाते थे जो फोन पर बात करने में मशगूल होते थे। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि इन्होंने इलाके में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More