सड़कों पर मिला था लहूलुहान शव: पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी, आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी थाना पुलिस ने इलाके में हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले को महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में 42 वर्षीय आरोपी गौरी शंकर यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के चलते 28 वर्षीय युवक रवि की हत्या कर दी थी। पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच के कारण आरोपी को भागने का मौका नहीं मिला और वह अब सलाखों के पीछे है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 08:12 बजे गोकलपुरी थाने को सूचना मिली थी कि डी-ब्लॉक इलाके में एक युवक लहूलुहान और अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान इलाके के ही रहने वाले 28 वर्षीय रवि के रूप में हुई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गोकलपुरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उम्मेद सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहित की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की मदद से पुलिस आरोपी गौरी शंकर यादव (42) तक पहुंचने में कामयाब रही। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी गौरी शंकर ने पुलिस को बताया कि उसका रवि के साथ पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। रविवार सुबह इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और उसने रवि पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस अब इस बात की विस्तृत जांच कर रही है कि हत्या में किस हथियार का इस्तेमाल किया गया था और क्या इस वारदात में कोई और भी शामिल था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसे जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More