पंत नगर में मां को पिस्टल दिखा रहा था बेटा, अचानक चली गोली से मां की मौत

नई दिल्ली: दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन थाना क्षेत्र स्थित पंत नगर की वाल्मीकि मंदिर जेजे बस्ती में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ एक 18 वर्षीय युवक द्वारा अपनी मां को अवैध पिस्टल दिखाने के दौरान अचानक गोली चल गई, जो सीधे महिला के चेहरे पर लगी। गंभीर रूप से घायल महिला को आनन-फानन में मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त अवैध हथियार भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 10:39 बजे मूलचंद अस्पताल से लाजपत नगर थाने को एक महिला के मृत अवस्था में लाए जाने की सूचना मिली थी। मृतका की पहचान 37 वर्षीय सुमति के रूप में हुई है। वह घरों में साफ-सफाई का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थी। सुमति के परिवार में पति छोटू, जो एक माली हैं, और तीन बच्चे हैं। घटना के समय इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि सुमति का बड़ा बेटा तरुण (18) हाल ही में आश्रम इलाके के किसी व्यक्ति से एक अवैध देसी कट्टा खरीदकर लाया था। सोमवार रात वह अपनी मां को वही हथियार दिखा रहा था और उसे चलाने का तरीका समझा रहा था। इसी दौरान लापरवाही की वजह से पिस्टल से गोली चल गई और सुमति के चेहरे पर जा लगी। हादसे के बाद घबराया हुआ तरुण मौके से भाग गया और रास्ते में उसने पिस्टल को पास के ही एक नाले में फेंक दिया।

हजरत निजामुद्दीन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी तरुण को पीछा कर दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल किया और पुलिस को उस नाले तक ले गया जहाँ उसने हथियार फेंका था। पुलिस ने नाले से अवैध पिस्टल बरामद कर ली है। घटनास्थल पर क्राइम टीम और एफएसएल विशेषज्ञों ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने इस संबंध में हजरत निजामुद्दीन थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस उस सप्लायर की तलाश कर रही है जिसने तरुण को यह अवैध हथियार बेचा था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More