तिलक नगर में विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन: संस्कार, सुरक्षा और संगठन पर दिया गया जोर

नई दिल्ली: दिल्ली के गणेश नगर एवं महावीर नगर (तिलक नगर) में रविवार को एक भव्य हिंदू सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में श्रीमन जगद्गुरु स्वामी महायोगी जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने अपने आशीर्वचनों से उपस्थित जनसमूह को सनातन धर्म के मूल्यों से जुड़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्राध्यापिका और अर्थशास्त्री डॉ. हरीश ने की, जबकि महेंद्र दीवानजी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन का शुभारंभ ‘वंदेमातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके बाद श्री सनातन धर्म मंदिर गणेश नगर की महिला भजन मंडल (दीपक धवन, इंदु गुप्ता, सोना रावत व अन्य) ने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सम्मेलन के दौरान समाज में सुरक्षा और आत्मरक्षा का संदेश देने के लिए समाजसेवी कर्मवीर त्यागी और उनकी टीम ने ताइक्वांडो का प्रदर्शन किया। साथ ही, हरीश पुरोहित और स्वयंसेवकों ने ‘नियुध’ (आत्मरक्षा की कला) का प्रदर्शन कर युवाओं को आत्मसुरक्षा के प्रति जागरूक किया। राकेश सब्बरवाल ने ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर प्रेरक उद्बोधन दिया, जिस पर स्थानीय छात्र-छात्राओं ने एक प्रभावी नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया।

इस सम्मेलन के पूर्व (1 फरवरी को) आयोजित चित्रकला और हनुमान चालीसा पठन स्पर्धा के विजेताओं को डॉ. हरीश, आयोजन समिति के अध्यक्ष पंकज गुप्ता और सचिव सुमीत अलघ द्वारा सम्मानित किया गया। हनुमान चालीसा स्पर्धा के विजेताओं ने मंच पर सामूहिक चालीसा पठन की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में दिलीप जी की टीम द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।

समिति के सचिव सुमीत अलघ ने प्रस्तावना रखते हुए समाज में संस्कार और संगठन की आवश्यकता पर विचार रखे, वहीं अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन राकेश सब्बरवाल और राकेश शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। सम्मेलन में आरएसएस के नगर संघचालक अमर सिंह, स्थानीय पार्षद हरीश ओबेरॉय और विश्व हिंदू परिषद के प्रांत उपाध्यक्ष सेठ राम निवास गुप्ता समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भारत माता की सामूहिक आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ, जहाँ सभी ने सनातन संस्कृति को मजबूत करने का संकल्प लिया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More