एमसीडी ने 91 शिक्षकों को ‘निगम शिक्षक पुरस्कार’ से नवाजा, पूर्व छात्र भी हुए सम्मानित

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (MCD) ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अपने 91 शिक्षकों को वर्ष 2025 के ‘निगम शिक्षक पुरस्कार’ से सम्मानित किया है। केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम में आयोजित एक भव्य समारोह में महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने इन शिक्षकों को उनके समर्पण और कड़ी मेहनत के लिए पुरस्कृत किया। इस अवसर पर निगम विद्यालयों से पढ़कर निकले 22 पूर्व छात्रों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जो आज समाज के विभिन्न उच्च पदों पर आसीन हैं। कार्यक्रम के दौरान ‘उन्नयन’ पत्रिका का विमोचन भी किया गया।

महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने शिक्षकों को ‘राष्ट्र निर्माता’ बताते हुए कहा कि शिक्षक ही समाज की भावी पीढ़ी को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि निगम विद्यालयों के छात्र आज आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर और राजनेता बनकर देश की सेवा कर रहे हैं। महापौर ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में निगम विद्यालयों के बुनियादी ढांचे और शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक उत्कृष्ट बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

उप महापौर जय भगवान यादव ने इस मौके पर एक महत्वपूर्ण मानवीय अपील की। उन्होंने शिक्षकों और अधिकारियों से अनुरोध किया कि निगम विद्यालयों में आने वाले गरीब बच्चों को आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रखा जाए। साथ ही, उन्होंने विद्यालयों में गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री योगेश वर्मा ने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु का एक शब्द जीवन बदल सकता है और देश का भविष्य इन्हीं शिक्षकों के हाथों में है।

समारोह में नेता सदन प्रवेश वाही, शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष अमित खरखड़ी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। प्रवेश वाही ने अपने विद्यार्थी जीवन के संस्मरण साझा करते हुए शिक्षा के प्रसार पर जोर दिया, वहीं अमित खरखड़ी ने कहा कि शिक्षकों के वेतन और एरियर संबंधी समस्याओं का समाधान कर विभाग उनकी बेहतरी के लिए गंभीर है। कार्यक्रम का समापन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और शिक्षकों द्वारा देश निर्माण में अपनी पूरी तत्परता से योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More