खरीदारी कर रहे लोगों से लूटपाट करने वाला गैंग गिरफ्तार, मोबाइल और ऑटो बरामद

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर थाना पुलिस की टीम ने 66 फुटा रोड पर हुई लूट की वारदात को महज कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर अपराधी सहित दो कानून का उल्लंघन करने वाले किशोरों (जिनमें एक 17 वर्षीय युवती भी शामिल है) को पकड़ा है। इनके पास से पीड़ित का लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो-रिक्शा भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, वारदात 6 और 7 फरवरी की दरम्यानी रात की है। धरमपुरा निवासी पंकज (32) अपने दोस्त के साथ 66 फुटा रोड स्थित बस स्टैंड के पास खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान एक ऑटो-रिक्शा में सवार होकर तीन लोग (दो युवक और एक युवती) आए और हथियार के बल पर पंकज से नकदी और उनका मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर सीलमपुर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएचओ नरपाल सिंह यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एसआई मनोज दुबे, हेड कांस्टेबल मनीष, नवनीश और महिला कांस्टेबल हितेश शामिल थे। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जाल बिछाकर मुख्य आरोपी फदीन (21) और दो अन्य किशोरों को धर दबोचा।

पकड़ा गया आरोपी फदीन न्यू सीलमपुर की झुग्गियों का रहने वाला है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि फदीन पहले भी लूट और आर्म्स एक्ट के दो मामलों में संलिप्त रहा है। पूछताछ के दौरान तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया फोन और वह ऑटो भी जब्त कर लिया है, जिससे वे वारदात को अंजाम देने आए थे।

इस वारदात ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है कि पेशेवर अपराधी अब किशोरों और युवतियों को अपने साथ शामिल कर रहे हैं ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके। फिलहाल, पुलिस अन्य वारदातों में इनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More