गोकुलपुरी में युवक की हत्या, सुबह सड़क पर पड़ा मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब डी-ब्लॉक की एक गली में एक युवक लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। पुलिस को सुबह करीब 08:12 बजे घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तुरंत जीटीबी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 28 वर्षीय रवि के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि गोकुलपुरी के डी-ब्लॉक में एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। जब गश्ती दल मौके पर पहुंचा, तो रवि वहां अचेत अवस्था में पड़ा था। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी सांसे थम चुकी थीं। इस वारदात के बाद से स्थानीय निवासियों में डर और रोष का माहौल है।

वारदात की जानकारी मिलते ही जिले के आला अधिकारी और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए हैं और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वारदात को कितने लोगों ने अंजाम दिया और हमलावर किस दिशा में फरार हुए।

गोकुलपुरी थाना पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस रवि के परिजनों और दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके।

उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कई विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि संदिग्धों के कुछ सुराग मिले हैं और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। फिलहाल रवि के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More