विकासपुरी में खड़ी बस में लगी भीषण आग, सो रहे हेल्पर की जलकर दर्दनाक मौत

नई दिल्ली: दिल्ली के विकासपुरी इलाके में शनिवार देर रात एक खड़ी बस में आग लगने से 25 वर्षीय युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना कृषि अपार्टमेंट के पास फिश मार्केट वाले नाले के समीप हुई। मृतक की पहचान झारखंड निवासी सुनील शर्मा (25) के रूप में हुई है, जो बस में ही हेल्पर (क्लीनर) का काम करता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मच्छर भगाने के लिए जलाई गई अगरबत्ती से बस के भीतर आग भड़की, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 12:33 बजे सूचना मिली कि विकासपुरी स्थित नाले के पास खड़ी एक बस में भीषण आग लगी है। सूचना मिलते ही गश्ती दल तुरंत मौके पर पहुंचा और बस का दरवाजा खोलने का प्रयास किया। देखते ही देखते दमकल की दो गाड़ियां भी पहुंच गईं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जब टीम बस के भीतर दाखिल हुई, तो वहां एक युवक का शव पूरी तरह जल चुका था।

जांच में पता चला कि बस का मालिक विजय कुमार (46) है और यह बस उबर के लिए चलती थी। मृतक सुनील शर्मा बस में ही सोता था। पूछताछ में सामने आया कि मच्छर भगाने के लिए सुनील अक्सर रात में अगरबत्ती जलाकर सोता था। आशंका है कि अगरबत्ती की चिंगारी से बस की सीटों या किसी ज्वलनशील वस्तु ने आग पकड़ ली और गहरी नींद में होने के कारण सुनील को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

मौके पर पहुंची क्राइम टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया है। पुलिस को अभी तक इस मामले में किसी तरह की साजिश या ‘फाउल प्ले’ के सबूत नहीं मिले हैं। मृतक के शव को डीडीयू अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

बस मालिक विजय कुमार की अन्य बसें भी वहीं पास में खड़ी होती हैं, जिनमें अन्य चालक और हेल्पर रात गुजारते हैं। इस घटना के बाद वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। विकासपुरी थाना पुलिस ने इस संबंध में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More