घर की सफाई के साथ गहनों पर भी साफ किया हाथ, 30 लाख की ज्वेलरी समेत नौकरानी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली की द्वारका जिला पुलिस ने घर में चोरी कर फरार होने वाली एक शातिर नौकरानी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी महिला के कब्जे से पुलिस ने करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, चांदी के सिक्के और नकदी बरामद की है। पकड़ी गई आरोपी ज्योति ने अपने ही मालिक के घर में विश्वासघात कर चोरी की इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया था और घटना के बाद से ही वह पुलिस की पकड़ से बचने के लिए छिपती फिर रही थी।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि 1 फरवरी को शिकायतकर्ता अमित लोचव ने अपने घर में हुई बड़ी चोरी की जानकारी दी थी। उन्होंने अपनी घरेलू सहायिका ज्योति पर ही संदेह जताया था कि उसने घर की अलमारी से कीमती आभूषण और नकदी साफ कर दी है। इस शिकायत की गंभीरता को देखते हुए द्वारका सेक्टर-23 थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई और आरोपियों की तलाश के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया।

एसएचओ सेक्टर-23 के मार्गदर्शन में गठित टीम, जिसमें एएसआई कर्मवीर, हेड कांस्टेबल मुकेश और महिला एएसआई भगवती शामिल थीं, ने आरोपी की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी की। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि आरोपी महिला कापसहेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव ईसापुर खेड़ा में रह रही है। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए बताए गए पते पर दबिश दी और संदिग्ध महिला ज्योति को हिरासत में ले लिया।

पुलिस द्वारा की गई सघन पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 190 ग्राम सोने के विभिन्न गहने बरामद किए, जिनमें चार सोने की चूड़ियां, दो सोने के कड़े, एक चेन, एक कीमती ब्रेसलेट और अंगूठियां शामिल हैं। बाजार में इन गहनों की कुल कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अतिरिक्त पुलिस ने आरोपी के पास से दो चांदी के सिक्के और 18,000 रुपये की नकदी भी बरामद की है। आगे की जांच जारी हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More