पुलिस को देख भगाने लगा था कार, घेराबंदी कर पकड़ा शराब तस्कर; 36 पेटियां बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत द्वारका जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई है, जिसे हरियाणा के गुरुग्राम से लाकर दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में खपाया जाना था। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति रिट्ज कार को भी जब्त कर लिया है।

 डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि अंतरराज्यीय शराब तस्करों पर नकेल कसने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। यह टीम एसीपी रविंदर अहलावत की देखरेख और स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में लगातार बॉर्डर इलाकों पर निगरानी रख रही थी। टीम में हेड कांस्टेबल प्रदीप, जगदीश, विजेंद्र, महिला हेड कांस्टेबल गीता और कांस्टेबल जय भगवान शामिल थे।

4 फरवरी की तड़के पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि धर्मेश्वर नामक तस्कर अपनी कार में शराब की बड़ी खेप लेकर द्वारका आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कारगिल चौक के पास जाल बिछाया। जैसे ही सफेद रंग की मारुति रिट्ज कार वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। आरोपी ने रुकने के बजाय कार की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस टीम ने पीछा कर उसे चारों तरफ से घेर लिया और मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो उसमें से कुल 36 पेटियां (1800 क्वार्टर) अवैध शराब बरामद हुई, जिस पर ‘फॉर सेल इन हरियाणा’ लिखा हुआ था। इस संबंध में द्वारका सेक्टर-23 थाने में एक्साइज एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पकड़े गए आरोपी की पहचान धर्मेश्वर (37), निवासी बक्करवाला, दिल्ली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह आठवीं कक्षा तक पढ़ा है और पहले एक कपड़ों की दुकान पर काम करता था। बुरी आदतों के कारण नौकरी छूट गई, जिसके बाद वह ड्राइविंग करने लगा। इसी दौरान वह अनिल नाम के व्यक्ति के संपर्क में आया, जिसने उसे गुरुग्राम से दिल्ली शराब पहुंचाने के बदले अच्छी रकम का लालच दिया। परिवार की जरूरतों और जल्द अमीर बनने के लालच में वह तस्करी के धंधे में उतर गया। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More