दिल्ली में बेखौफ बदमाश: मोती नगर के दो युवकों पर चाकू से हमला, एक ने तोड़ा दम, दूसरा एम्स रेफर

नई दिल्ली: दिल्ली का मोती नगर इलाका रविवार शाम खून से लाल हो गया। डीएलएफ मोती नगर के पास स्थित डीडीए पार्क में अज्ञात हमलावरों ने चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दिया। इस हमले में इंदरलोक निवासी एक नाबालिग लड़के की मौत हो गई, जबकि 25 वर्षीय एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद एम्स ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 06:37 बजे मोती नगर थाने को एमएलसी के जरिए सूचना मिली कि इंदरलोक निवासी एक नाबालिग को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। जांच में पता चला कि किशोर के दाहिने कंधे के ठीक नीचे चाकू से गहरा वार किया गया था। अधिक खून बह जाने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

अभी पुलिस पहले मामले की जांच शुरू ही कर पाई थी कि रात करीब 07:50 बजे एक और चाकूबाजी की सूचना मिली। घायल की पहचान इंदरलोक निवासी मोहम्मद दानिश (25) के रूप में हुई है। दानिश को भी पीठ पर चाकू मारा गया था। उसे पहले आचार्य भिक्षु अस्पताल ले जाया गया, लेकिन घाव गहरा होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स ट्रामा सेंटर भेज दिया।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों वारदातें मोती नगर स्थित डीडीए पार्क में ही अंजाम दी गईं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह आपसी रंजिश का मामला हो सकता है या फिर पार्क में घूमने आए युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई होगी।

एक ही शाम में दो वारदातों ने स्थानीय निवासियों के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस ने हत्या और जानलेवा हमले की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More