शालीमार बाग में तेज रफ्तार कैंटर ने 5 साल के मासूम को कुचला, मौके पर ही मौत

नई दिल्ली: दिल्ली के शालीमार बाग थाना इलाके में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहाँ हैदरपुर स्थित लोहिया कैंप के पास एक तेज रफ्तार टाटा-909 कैंटर ने 5 साल के मासूम बच्चे को बेरहमी से कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपी ड्राइवर की पहचान कर वाहन को कब्जे में ले लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 फरवरी को शालीमार बाग थाने में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया कि टी-3, मैक्स वाला रोड पर लोहिया कैंप के सामने एक हादसा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहाँ टाटा-909 वाहन खड़ा मिला और उसके नीचे एक बच्चा लहुलूहान हालत में पड़ा था। मृतक की पहचान 5 वर्षीय तीरथ उर्फ प्रताप के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ हैदरपुर के लोहिया कैंप में ही रहता था।

घायल बच्चे को तुरंत बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। हादसे के चश्मदीद रवींद्र ने पुलिस को बताया कि टाटा कैंटर का चालक बेहद लापरवाही और तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी ड्राइवर की पहचान 32 वर्षीय अजय कुमार दास के रूप में की है, जो शालीमार बाग के सीए ब्लॉक की झुग्गियों का रहने वाला है। शालीमार बाग थाना पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी के बयान और एमएलसी के आधार पर धारा 281 और 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आगे की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More