ऑटो-लिफ्टर चढ़ा नॉर्थ-ईस्ट AATS के हत्थे, चोरी के तीन वाहन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले की ‘एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड’ (AATS) ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद फदीन के रूप में हुई है, जो इलाके में वाहन चोरी की वारदातों में सक्रिय था।

उत्तर-पूर्वी जिले के एएटीएस इंचार्ज इंस्पेक्टर योगेश वशिष्ठ के नेतृत्व में पुलिस टीम 6 फरवरी को सीलमपुर थाना इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि एक संदिग्ध वाहन चोर चोरी की स्कूटी के साथ इस क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने जाल बिछाया और एक स्कूटी सवार को रुकने का इशारा किया।

जब पुलिस ने युवक से स्कूटी के मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही कागजात दिखा पाया। संदेह होने पर जब पुलिस ने वाहन के इंजन और चेसिस नंबर की बारीकी से जांच की, तो पता चला कि उक्त स्कूटी थाना जाफराबाद इलाके से चोरी की गई थी, जिसकी ई-एफआईआर पहले से दर्ज थी।

पुलिस ने आरोपी मोहम्मद फदीन (22 वर्ष), निवासी जे-ब्लॉक, सीलमपुर को बीएनएसएस की धारा 35(1) और 106 के तहत तुरंत गिरफ्तार कर लिया। हिरासत में लेकर जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने इलाके में वाहन चोरी की कई अन्य वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने भजनपुरा थाना क्षेत्र से चोरी की गई दो अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली हैं।

पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि आरोपी फदीन इन वाहनों को कहां ठिकाने लगाता था और क्या इस गिरोह में उसके साथ कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं। एएटीएस टीम आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है ताकि उसके नेटवर्क का पूरी तरह से भंडाफोड़ किया जा सके। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में कुछ और बरामदगी की उम्मीद जताई जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More