तेजाब पीने से नाबालिग विवाहिता की मौत, मां ने पति पर लगाया जबरन एसिड पिलाने और यौन शोषण का आरोप

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके में एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 16 वर्षीय पीड़िता ने अक्टूबर माह में तेजाब पी लिया था, जिसके बाद लंबी बीमारी और उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस मामले में पीड़िता की मां ने अपने ही दामाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शाहदरा जिले के डीसीपी के अनुसार, पीड़िता का विवाह 3 जुलाई 2025 को उत्तर प्रदेश के रामपुर में 22 वर्षीय भूरा उर्फ सुभाष के साथ हुआ था। दोनों परिवार दूर के रिश्तेदार बताए जाते हैं। घटना की शुरुआत 29 अक्टूबर 2025 को हुई, जब मौलाना आजाद अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि एक युवती ने एसिड का सेवन किया है। उस समय पीड़िता और उसकी मां ने पुलिस को बताया था कि पति से विवाद के बाद उसने खुद तेजाब पी लिया है।

मामले ने नया मोड़ तब लिया जब 23 जनवरी 2026 को पीड़िता की मां ने गीता कॉलोनी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी बेटी नाबालिग है और आरोपी भूरा ने उसका यौन शोषण किया। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि 29 अक्टूबर को उसे जबरन तेजाब पिलाया गया था। चूंकि निकाह के समय लड़की की उम्र महज 16 साल थी, इसलिए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर के तहत धारा 65, 351(2) बीएनएस और 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस जांच के दौरान पीड़िता ने मजिस्ट्रेट के सामने एसिड पीने की घटना को लेकर विरोधाभासी बयान दिए, जिसकी पुलिस गहराई से तफ्तीश कर रही है। इस बीच, पीड़िता अपने माता-पिता के घर पर ही रह रही थी, लेकिन 7 फरवरी को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आज 8 फरवरी को एलएनजेपी अस्पताल में डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। हालांकि, एसिड पीने और मौत के बीच लंबा समय बीत जाने के कारण सर्जन अभी किसी निश्चित निष्कर्ष पर नहीं पहुंचे हैं। पुलिस का कहना है कि हिस्टोपैथोलॉजी और केमिकल लैब की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल पाएगा। रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More