दिल्ली जल बोर्ड की लापरवाही से हुई युवक की मौत में मुख्य ठेकेदार गिरफ्तार, दूसरा आरोपी यूपी से दबोचा गया

नई दिल्ली: दिल्ली के जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड की घोर लापरवाही के कारण 25 वर्षीय युवक कमल ध्यानी की दर्दनाक मौत हो गई। रोहिणी स्थित एचडीएफसी बैंक के कॉल सेंटर से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा कमल, जोगिंदर सिंह मार्ग पर जल बोर्ड द्वारा खोदे गए करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में अपनी बाइक सहित गिर गया। परिजनों द्वारा रात भर तलाश करने के बाद अगली सुबह पीसीआर कॉल के जरिए इस हादसे का खुलासा हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य ठेकेदार सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

वेस्ट जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि मृतक कमल ध्यानी जब घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अगली सुबह सूचना मिलने पर फायर सर्विस की मदद से कमल को गड्ढे से निकाला गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में पाया गया कि सड़क पर की गई 15 फीट गहरी खुदाई के पास न तो कोई सुरक्षा बैरिकेडिंग थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। पुलिस ने इसे गंभीर अपराध मानते हुए जनकपुरी थाने में गैर-इरादतन हत्या के तहत मामला दर्ज किया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू की। सबसे पहले प्रोजेक्ट के मुख्य ठेकेदार राजेश कुमार प्रजापति (47 वर्ष), निवासी त्रिनगर को गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप में उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने आरोपी ठेकेदार को एक दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगा रही है कि इतनी बड़ी लापरवाही के पीछे और कौन-कौन जिम्मेदार है।

इसी मामले में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने दूसरे फरार आरोपी योगेश (23 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया है। योगेश, जो ठेकेदार का मजदूर है, हादसे के वक्त मौके पर मौजूद था और वारदात के बाद दिल्ली से फरार होकर उत्तर प्रदेश भाग गया था। पुलिस की एक विशेष टीम ने सूचना के आधार पर उसे यूपी के फिरोजाबाद से धर दबोचा। डीसीपी ने साफ किया है कि इस मामले में प्राथमिकता के आधार पर जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More