गीजर ब्लास्ट ने ली निजामुद्दीन दरगाह के सज्जादनशीं सैयद मोहम्मद निजामी की जान, पत्नी अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली: दिल्ली की सुप्रसिद्ध सूफी दरगाह हजरत ख्वाजा निजामुद्दीन औलिया के सज्जादनशीं सैयद मोहम्मद निजामी का शनिवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में इंतकाल हो गया। यह दर्दनाक हादसा उनके आवास के बाथरूम में लगे इलेक्ट्रिक गीजर के फटने से हुआ। धमाका इतना भीषण था कि देखते ही देखते पूरे घर में जहरीला धुआं भर गया, जिसके कारण दम घुटने से 50 वर्षीय सैयद मोहम्मद निजामी की जान चली गई। इस हादसे में उनकी पत्नी फिदा निजामी (45) भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं।

पुलिस और दमकल विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार शाम करीब 5:00 बजे की है। बस्ती हजरत निजामुद्दीन के अलवी चौक स्थित मकान में सैयद मोहम्मद निजामी बाथरूम में मौजूद थे, तभी अचानक गीजर में जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके के बाद घर में आग लग गई और घना धुआं भर गया। सूचना मिलते ही दमकल की 5 गाड़ियाँ और पुलिस की टीम मौके पर पहुँची।

एडिशनल डीसीपी ऐश्वर्या शर्मा ने बताया कि जब पुलिस टीम पहुँची तो घर अंदर से बंद था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कर्मियों ने तुरंत दरवाजा तोड़ा और अंदर दाखिल हुए। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सैयद मोहम्मद निजामी और उनकी पत्नी बेहोशी की हालत में मिले। धुएं के कारण दोनों का दम घुट रहा था। उन्हें तत्काल मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने सैयद मोहम्मद निजामी को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी फिदा निजामी फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन हैं।

इस हादसे ने सर्दियों में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऑटो-कट सिस्टम फेल होने या लंबे समय तक गीजर चालू रहने से प्रेशर बढ़ जाता है, जो विस्फोट का कारण बनता है। पुलिस फिलहाल तकनीकी खराबी की जांच कर रही है।

सैयद मोहम्मद निजामी, ख्वाजा हसन सानी निजामी के भतीजे थे और सूफीवाद के क्षेत्र में एक बड़ा नाम थे। उनके निधन की खबर फैलते ही निजामुद्दीन इलाके में सन्नाटा पसर गया। रविवार सुबह से ही देश-विदेश से उनके हजारों मुरीद अंतिम दर्शन के लिए दिल्ली पहुँचने लगे हैं। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More