झगड़े में बीच-बचाव करने वाले को मारा था चाकू, पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। शराब के नशे में धुत होकर एक निर्दोष व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने वाले इस आरोपी की पहचान राजेश के रूप में हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं की मदद से आरोपी को दबोचकर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 2 फरवरी 2026 को आनंद पर्वत थाने में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआई अजीत को जांच सौंपी गई और घायल के बयान पर धारा 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की धरपकड़ के लिए आनंद पर्वत थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष चंद्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एसआई अजीत, हेड कांस्टेबल संजय और कांस्टेबल गिरधारी को शामिल किया गया।

जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया। तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने नई बस्ती, आनंद पर्वत निवासी राजेश (42) को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात के दिन राजेश शराब के नशे में धुत था और एक व्यक्ति से झगड़ा कर रहा था। उस वक्त उसके पास मौजूद किचन नाइफ नीचे गिर गया था। पीड़ित ने केवल झगड़ा शांत कराने के लिए बीच-बचाव करने की कोशिश की थी, जो आरोपी को नागवार गुजरी। सनक में आकर राजेश अपने घर गया, दूसरा चाकू लाया और भीड़ के बीच में ही पीड़ित की कमर पर वार कर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार राजेश का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More