आनंद पर्वत में ट्यूशन जा रहे छात्र से लूटपाट, पुलिस ने 3 नाबालिगों को रंगे हाथ दबोचा, चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में पुलिस की सतर्कता और बीट स्टाफ की तत्परता से लूट की एक बड़ी वारदात को नाकाम कर दिया गया। पुलिस ने वारदात को अंजाम देकर भाग रहे तीन कानून का उल्लंघन करने वाले किशोरों को रंगे हाथ दबोच लिया है। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और लूटी गई स्मार्ट वॉच बरामद कर ली गई है। इस दौरान बदमाशों ने हस्तक्षेप करने वाले एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर उसे घायल भी कर दिया।

सेंट्रल जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 3 फरवरी को आनंद पर्वत थाने में चाकूबाजी और झगड़े के संबंध में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही एसआई अजीत तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां बीट स्टाफ हेड कांस्टेबल धर्मराज और कांस्टेबल रवि ने शिकायतकर्ता अनूप कुमार सिंह की मदद से तीनों किशोरों को पहले ही पकड़ रखा था। जांच में पता चला कि एक छात्र ट्यूशन जा रहा था, तभी इन तीनों लड़कों ने उसे सुनसान जगह ले जाकर मारपीट की और उसकी स्मार्ट वॉच छीन ली।

पीड़ित के परिवार के परिचित अनूप कुमार सिंह ने जब बच्चे को घिरते देखा, तो उन्होंने बहादुरी दिखाते हुए बीच-बचाव किया। इस दौरान एक आरोपी ने उन पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। शोर-शराबा सुनकर पास में ही गश्त कर रहे हेड कांस्टेबल धर्मराज और कांस्टेबल रवि तुरंत मौके पर पहुंचे और भागने की कोशिश कर रहे तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। इनके पास से लूटी गई घड़ी और हमले में इस्तेमाल चाकू बरामद हुआ है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पकड़े गए किशोरों में से दो पहले भी आपराधिक वारदातों में शामिल रहे हैं। वे इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए लूट और हिंसा जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे। आनंद पर्वत थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More