57 साल की उम्र, 21 जैसा जज्बा: जांबाज हेड कांस्टेबल ने अकेले पीछा कर पकड़ी शराब से लदी होंडा सिटी कार, 3450 क्वार्टर बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस के एक जांबाज हेड कांस्टेबल ने उम्र को महज एक संख्या साबित करते हुए साहस की मिसाल पेश की है। अशोक विहार थाने के अंतर्गत वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया चौकी में तैनात 57 वर्षीय हेड कांस्टेबल अजय ने रात के सन्नाटे में जान की परवाह किए बिना शराब तस्करों का पीछा किया। उनके इस निडर प्रयास के चलते पुलिस ने एक होंडा सिटी कार से 69 पेटी अवैध शराब बरामद की है।

उत्तर-पश्चिम जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि 5 फरवरी की रात करीब 12:40 बजे हेड कांस्टेबल अजय वजीरपुर इलाके में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने एक संदिग्ध होंडा सिटी कार को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही ड्राइवर ने रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा। बैकअप का इंतजार किए बिना ही जांबाज अजय ने अकेले ही उस वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया। पुलिस के बढ़ते दबाव को देख तस्कर कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

कार की तलाशी लेने पर उसमें से ‘केवल हरियाणा में बिक्री के लिए’ अंकित 69 कार्टन अवैध शराब (3450 क्वार्टर) बरामद हुई। इसके अलावा, कार से एक रेडमी 5G मोबाइल फोन भी मिला है। पुलिस ने अशोक विहार थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। अब मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड और वाहन के मालिकाना हक के जरिए आरोपियों की तलाश की जा रही है।

खास बात यह है कि रिटायरमेंट के करीब पहुंच चुके हेड कांस्टेबल अजय का यह साहस कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले दिसंबर 2025 में उन्होंने एक सशस्त्र डकैत को दबोचा था और पिछले महीने ही एक वरना कार से 71 पेटी अवैध शराब बरामद करवाई थी। इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार और एसीपी आकाश रावत की देखरेख में हुई इस कार्रवाई ने साबित कर दिया है कि खाकी का जज्बा कभी पुराना नहीं होता।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More