5 साल में चोरी किया 30 किलो सोना, अकेले देता था वारदात को अंजाम, उमराव ज्वैलर्स कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय संपत्ति चोरी सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए देश के सबसे कुख्यात ज्वैलरी चोर लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया है। लोकेश वही शातिर अपराधी है जिसने साल 2023 में दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित ‘उमराव ज्वैलर्स’ में करीब 25 करोड़ रुपये के सोने और कैश पर हाथ साफ कर देशभर की पुलिस की नींद उड़ा दी थी। आरोपी के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में चोरी और सेंधमारी के 25 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदोरा ने बताया कि हेड कांस्टेबल हरदीप को गुप्त सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ के रायपुर में हाल ही में एक बड़ी चोरी को अंजाम देकर लोकेश श्रीवास दिल्ली में छिपा हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी राजपाल डबास की देखरेख और इंस्पेक्टर अक्षय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से टीम ने घेराबंदी कर लोकेश को दिल्ली से दबोच लिया।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी लोकेश ने अभी हाल ही में 1 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ के रायपुर में सिविल लाइंस इलाके की तीन दुकानों में सेंधमारी कर करीब 7 लाख की चोरी की थी। वारदात के बाद वह महाराष्ट्र भाग गया और वहां से बचते हुए दिल्ली पहुंचा था। लोकेश की खास बात यह है कि वह हमेशा अकेले ही वारदातों को अंजाम देता है और उसे चोरी करना एक ‘शौक’ की तरह पसंद है। वह पिछले 5 वर्षों में देशभर से करीब 30 किलो सोना (कीमत 45 करोड़ से अधिक) चोरी कर चुका है।

छत्तीसगढ़ के कवर्धा का रहने वाला लोकेश श्रीवास पहले एक हेयर कटिंग सैलून में काम करता था, लेकिन जल्द अमीर बनने के लालच में वह अपराध की दुनिया में उतर आया। वह इतना शातिर है कि 2025 में जब वह दिल्ली में अपनी कोर्ट की तारीख पर आया था, तब भी उसने चांदनी चौक की तीन दुकानों में सेंधमारी कर दी थी। वह अभी 29 जनवरी को ही बिलासपुर जेल से बाहर आया था और जेल से निकलते ही 48 घंटे के भीतर फिर से तीन बड़ी चोरियां कर डालीं। फिलहाल क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More