फेसबुक पर दोस्ती कर लुटे 91 लाख रुपये, फरीदाबाद पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ अपनी स्ट्राइक जारी रखते हुए ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। साइबर थाना NIT की टीम ने 91,50,000 रुपये की धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में केरल के वायनाड का रहने वाला मोहम्मद अफजल और सिरसा का मुफिस शामिल है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि NIT निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि फेसबुक के जरिए उसकी दोस्ती एक अज्ञात व्यक्ति से हुई। धीरे-धीरे बातचीत व्हॉट्सएप तक पहुंच गई, जहां ठग ने उसे ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच दिया। शिकायतकर्ता का फर्जी ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया गया और निवेश के नाम पर अलग-अलग खातों में कुल 91.50 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। जब कोई प्रॉफिट वापस नहीं मिला, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना NIT ने जांच शुरू की, जिसमें चौंकाने वाले खुलासे हुए। आरोपी मोहम्मद अफजल “AHM डिजिटल मार्केटिंग” नाम की फर्म का संचालक और खाताधारक है। उसने अपनी फर्म का बैंक खाता मुफिस को उपलब्ध करवाया था, जिसका इस्तेमाल ठगी की रकम मंगाने के लिए किया गया। जांच में पता चला कि इस फर्म के खाते में ठगी के कुल 29 लाख रुपये आए थे।

पकड़ा गया आरोपी अफजल बी.कॉम पास है, जबकि मुफिस ने 12वीं तक पढ़ाई की है। पुलिस पूछताछ में इनके तार बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से ठगी की शेष राशि की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश करेगी। फरीदाबाद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले किसी भी लुभावने इन्वेस्टमेंट ऑफर के झांसे में न आएं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More