जाफराबाद में लूट की बड़ी साजिश नाकाम: दुकान मालिक की बहादुरी से भागे बदमाश, पुलिस ने 3 को दबोचा

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद थाना पुलिस ने मौजपुर इलाके में एक दुकानदार के साथ हुई लूट की कोशिश के मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और दो वाहन (एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी) भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना 2 फरवरी की रात करीब 10:53 बजे की है। मौजपुर मेन रोड पर स्थित एक दुकान के मालिक देवेंद्र शर्मा (56) ने शिकायत दी थी कि जब वह अपने सहायक के साथ दुकान पर मौजूद थे, तभी अचानक दो युवक अंदर घुसे। बदमाशों ने उन पर देसी कट्टा तान दिया और लूटपाट की कोशिश करने लगे। लेकिन 56 वर्षीय देवेंद्र शर्मा डरे नहीं और उन्होंने बदमाशों का कड़ा मुकाबला किया। दुकानदार के कड़े विरोध को देख लुटेरे घबरा गए और बिना कुछ लूटे मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही जाफराबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों का सुराग लगाया और तीन लड़कों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान समीर कुरैशी (20), मोहम्मद असद कुरैशी उर्फ लकी (18) और हम्माद (18) के रूप में हुई है।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद कर ली है। साथ ही वह अवैध हथियार भी जब्त कर लिया गया है जिसे दिखाकर उन्होंने दुकानदार को डराने की कोशिश की थी। पुलिस अब इन आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि इनके अन्य कारनामों का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More