सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन करने वाला युवक गिरफ्तार, एएटीएस द्वारका ने दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस की एएटीएस (AATS) टीम ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने और खुद को ‘बदमाश’ दिखाने वाले एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट और व्हाट्सएप डीपी पर अवैध पिस्टल के साथ फोटो लगाकर दोस्तों पर प्रभाव जमाना चाहता था। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद किया है।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि जिले में सोशल मीडिया पेट्रोलिंग के दौरान एएटीएस टीम की नजर एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पड़ी, जिसमें एक युवक हथियार के साथ अपनी फोटो पोस्ट कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस रविंदर अहलावत की देखरेख में इंस्पेक्टर कमलेश कुमार (इंचार्ज एएटीएस) की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी की पहचान की। 31 जनवरी को सटीक सूचना मिलने पर एएटीएस टीम ने द्वारका सेक्टर-17 में घेराबंदी कर समीर (19), निवासी सूरज विहार, ककरोला को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक लोडेड देसी पिस्टल बरामद हुई। इस संबंध में द्वारका नॉर्थ थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपी समीर ने खुलासा किया कि वह ‘जेप्टो’ में डिलीवरी बॉय का काम करता है। उसने दावा किया कि रात में डिलीवरी के दौरान सुरक्षा के लिए उसने यह हथियार मंगोलपुरी निवासी मोनू नामक व्यक्ति से खरीदा था। हालांकि, समीर ने यह भी कबूल किया कि वह अपने दोस्तों और इलाके में खुद को “बदमाश” साबित करना चाहता था, इसलिए उसने पिस्टल के साथ अपनी फोटो इंस्टाग्राम पर शेयर की थी। फिलहाल पुलिस हथियार सप्लाई करने वाले मोनू की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More