एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा ने किया वार्षिक अंतर-विभागीय प्रतियोगिता का उद्घाटन, 3,000 कर्मचारी दिखाएंगे खेलों में दम

नई दिल्ली: नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच फिटनेस, अनुशासन और टीम वर्क की भावना को बढ़ावा देने के लिए वार्षिक अंतर-विभागीय खेल प्रतियोगिता 2025-26 का शानदार आगाज हुआ। तालकटोरा क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित एक भव्य समारोह में एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्रा ने इस प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया।

इस अवसर पर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, सदस्य अनिल वाल्मीकि, सरिता तोमर और सचिव राकेश कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह में स्कूली बच्चों के उत्साह ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया।

एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा ने संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अनिवार्य हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘खेलो इंडिया’ विजन को याद करते हुए कहा कि एनडीएमसी अपने स्टाफ और छात्रों के बीच फिटनेस कल्चर को लगातार बढ़ावा दे रही है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन की शपथ भी दिलाई।

यह खेल प्रतियोगिता 13 मार्च, 2026 तक जारी रहेगी। इसमें ट्रैक दौड़, डिस्कस थ्रो, शॉट पुट, भाला फेंक, रस्साकशी, कैरम, टेबल टेनिस, बैडमिंटन और शतरंज जैसी विविध विधाएं शामिल हैं। अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष 3,000 से अधिक कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं और भविष्य में इस भागीदारी को और बढ़ाने का लक्ष्य है।

कार्यक्रम के दौरान फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए ‘चेयरमैन-XI’ और ‘वाइस चेयरमैन-XI’ के बीच एक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच खेला गया। मैच का नेतृत्व स्वयं श्री केशव चंद्रा और श्री कुलजीत सिंह चहल ने किया। परिषद उपाध्यक्ष श्री चहल ने इस मौके पर कहा कि ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ और ‘खेलो इंडिया’ जैसी पहल एक मजबूत भारत की नींव हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस आयोजन से कर्मचारियों के बीच एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More