पुलिस को चकमा दे रहा था शातिर अपराधी, इंस्पेक्टर धीरज की टीम ने बिछाया जाल, धरा गया ‘ढक्कन’

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने एक शातिर और वांटेड अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ा गया आरोपी हथियारबंद लूट के मामले में फरार चल रहा था और उस पर पहले से ही हत्या के प्रयास और लूट जैसे डेढ़ दर्जन के करीब आपराधिक मामले दर्ज हैं।

उत्तर-पूर्वी जिले के डीसीपी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्या के प्रयास और लूटपाट जैसे गंभीर मामलों में वांछित एक अपराधी जेपीसी अस्पताल के पास आने वाला है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर धीरज के नेतृत्व में एसआई हिमांशु, प्रमोद और हेड कांस्टेबल सचिन व प्रशांत की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके में घेराबंदी की और संदिग्ध को पहचान कर उसे दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान आरिफ उर्फ पारो उर्फ ढक्कन (32), निवासी ब्रह्मपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी आरिफ साल 2025 में दर्ज एक सशस्त्र लूट के मामले में वांछित था। इस मामले में उसके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था।

पुलिस की गहन पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि आरिफ एक आदतन अपराधी है। उस पर दिल्ली के विभिन्न थानों में 15 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, लूटपाट, चोरी और घर में घुसकर चोरी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फरारी के दौरान उसने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More